राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर में जोजरी नदी के बढ़ते प्रदूषण को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर तत्काल समाधान की मांग की है। गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि जोजरी नदी में बिना शुद्धिकरण के छोड़ा जा रहा अपशिष्ट जल किसानों, पशुओं और पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन चुका है।
गहलोत ने आरोप लगाया कि जोजरी नदी पर बनाए गए जीरो सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य पिछले तीन महीनों से ठप पड़ा है। इस वजह से जोधपुर, पाली और बालोतरा जिलों में प्रदूषित जल के कारण फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। साथ ही, मनुष्यों और पशुओं में गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
गहलोत ने कहा कि क्षेत्र की फैक्ट्रियों और उद्योगों द्वारा बिना ट्रीटमेंट के अपशिष्ट जल सीधे नदी में छोड़ा जा रहा है, जिससे जल स्रोत जहरीले हो गए हैं। इससे किसानों की फसलें खराब हो रही हैं और जलस्रोतों का उपयोग करने वाले ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है।
अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से अनुरोध किया है कि इस प्रदूषण को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार को तुरंत सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम पूरा कराना चाहिए और दोषी फैक्ट्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
गहलोत ने सरकार से आग्रह किया कि प्रभावित किसानों और ग्रामीणों को राहत देने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं और इस गंभीर पर्यावरणीय समस्या को जल्द से जल्द हल किया जाए।