राजस्थान में भाजपा के जिलाध्यक्षों के चुनाव की डेडलाइन निकलने के बावजूद कुछ जिलों में निर्वाचन प्रक्रिया जारी है। सोमवार को भीलवाड़ा, जयपुर देहात उत्तर, करौली, सवाई माधोपुर, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, बारां, बीकानेर शहर, डूंगरपुर और टोंक में नए जिलाध्यक्षों की घोषणा की गई। बीजेपी के कुल 44 जिलों में से अब तक 39 जिलों में चुनाव पूरे हो चुके हैं। अब मौजूदा अध्यक्ष मदन राठौड़ का फिर से प्रदेश अध्यक्ष बनना लगभग तय हो गया है। ऐसा माना जा रहा है कि 21 या 22 फरवरी को प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव संभव हो सकेगा।
11 जिलों में बने नए जिलाध्यक्ष:
भीलवाड़ा – मौजूदा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा को दोबारा मौका मिला। उनके कार्यकाल में पार्टी ने 7 में से 6 विधानसभा सीटें और लोकसभा चुनाव जीता था। चित्तौड़गढ़ – रतनलाल गाडरी को तीसरी बार जिलाध्यक्ष बनाया गया। क्षेत्र के पांचों विधायकों की सहमति से यह फैसला लिया गया। जयपुर देहात उत्तर – सुरेश सैनी को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। वह वर्तमान में जिला उपाध्यक्ष थे। इस पद के लिए 6 नेताओं ने नामांकन फॉर्म भरा था।
करौली – गोवर्धन सिंह जादौन को जिलाध्यक्ष बनाया गया। वह भरतपुर जिले के प्रभारी भी रह चुके हैं। सवाई माधोपुर – पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। प्रतापगढ़ – 6 नामों के पैनल में से महावीर सिंह कृष्णावत को जिलाध्यक्ष चुना गया। बारां – नरेश सिंह सिकरवार को तीसरी बार जिलाध्यक्ष बनाया गया। झालावाड़ – पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के निर्वाचन क्षेत्र में हर्षवर्धन शर्मा को जिम्मेदारी दी गई। टोंक – चंद्रवीर सिंह चौहान जिलाध्यक्ष बने। वह भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री रह चुके हैं। बीकानेर शहर – सुमन छाजेड़ को जिलाध्यक्ष बनाया गया। डूंगरपुर – अशोक पटेल रणोली को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया।