



उदयपुर में 17 से 19 फरवरी तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कांफ्रेंस 'वाटर विजन-2047' की तैयारियां जोरों पर हैं। केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय सम्मेलन में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री, जल संसाधन मंत्री और अधिकारीगण शामिल होंगे।
उदयपुर बड़े आयोजनों के लिए एक पसंदीदा स्थल बनकर उभरा है। जिला कलेक्टर नमित मेहता ने बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और अतिथि सत्कार एवं समन्वय पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि उदयपुर में पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया है, और इस कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
इस सम्मेलन में जल संरक्षण, जल प्रबंधन, भूजल उपयोग, सिंचाई और पेयजल योजनाओं पर गहन मंथन किया जाएगा। ‘इंडिया वाटर विजन-2047’ पर चर्चा होगी कि कैसे जल का समुचित उपयोग कर देश में जल संकट को कम किया जा सकता है। यह पहली बार होगा जब इतने बड़े पैमाने पर राज्यों के मंत्री इस विषय पर एक साथ चर्चा करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वर्चुअली शामिल हो सकते हैं। राजस्थान को ‘ऑल इंडिया स्टेट मिनिस्टर कांफ्रेंस’ की मेजबानी का दायित्व सौंपा गया है, जिससे इस आयोजन का महत्व और बढ़ गया है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 17 फरवरी की शाम जयपुर से उदयपुर पहुंचेंगे। 18 फरवरी को सुबह 9 बजे एक रिसोर्ट में आयोजित इस सम्मेलन में भाग लेंगे और दोपहर में जयपुर लौट जाएंगे।