



जयपुर एसीबी ने जोधपुर में सार्वजनिक निर्माण विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर दीपक मित्तल के ठिकानों पर छापेमारी की। अब तक की जांच में इंजीनियर के पास उसकी घोषित आय से 200% अधिक संपत्ति का खुलासा हुआ है।
एसीबी के डीजी रवि प्रकाश ने बताया कि आरोपी इंजीनियर दीपक मित्तल के जयपुर, उदयपुर, अजमेर, ब्यावर, जोधपुर और हरियाणा के फरीदाबाद स्थित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।
शिकायत के आधार पर कोर्ट से सर्च वारंट लेकर शनिवार देर रात से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था, जो रविवार सुबह तक जारी रहा।
आरोपी ने अपनी आय से लगभग ₹4.02 करोड़ अधिक की संपत्ति अर्जित की है।बड़ी संख्या में बेनामी संपत्तियों के दस्तावेज, बैंक खातों की डिटेल और कैश बरामद हुआ। लक्जरी गाड़ियाँ, महंगे आभूषण और निवेश के दस्तावेज भी मिले।
एसीबी को आरोपी इंजीनियर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी, जिसके बाद यह विशेष कार्रवाई की गई।अगले चरण में आरोपी की संपत्तियों की गहन जांच और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।अगर पुष्टि होती है, तो आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत केस दर्ज किया जाएगा।
यह छापेमारी राजस्थान में भ्रष्टाचार पर सख्त एक्शन लेने की दिशा में एक और बड़ा कदम है। सरकार और प्रशासन लगातार भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रहा है, ताकि पारदर्शिता और सुशासन को बढ़ावा दिया जा सके।