Saturday, 29 August 2026

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़, 18 की मौत, पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने जताया दुख


नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़, 18 की मौत, पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने जताया दुख

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात प्रयागराज महाकुंभ जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई, जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई और 8 लोग घायल हो गए। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेलवे प्रशासन ने इस घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और अन्य नेताओं ने हादसे पर शोक जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

पीएम मोदी और अमित शाह ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X (ट्विटर) पर लिखा, "नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द ठीक हो जाएं। अधिकारी प्रभावित लोगों की सहायता कर रहे हैं।"
गृह मंत्री अमित शाह ने भी हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और दिल्ली पुलिस कमिश्नर से बात कर हर संभव सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं

प्लेटफॉर्म नंबर 14 और 15 पर मची अफरा-तफरी

सूत्रों के अनुसार, प्रयागराज जाने वाली दो ट्रेनों के रद्द होने की सूचना मिलने के बाद यात्री घबरा गए, जिससे प्लेटफॉर्म 14 और 15 पर भगदड़ मच गई। रेलवे प्रशासन द्वारा अचानक की गई घोषणा से यात्री इधर-उधर भागने लगे, जिससे कई लोग गिर गए और हादसे का शिकार हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली पुलिस और आरपीएफ के जवानों को मौके पर तैनात किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई चौंकाने वाली बातें

घटनास्थल पर मौजूद एनडीआरएफ की टीम राहत कार्य में जुटी है। एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, रेलवे प्रशासन ने अचानक ट्रेन का प्लेटफॉर्म बदल दिया, जिससे भीड़ दोनों तरफ से बढ़ गई और भगदड़ मच गई। वहीं, बिहार के एक यात्री ने बताया कि भगदड़ में उसकी मां की मौत हो गई। एक अन्य यात्री ने कहा कि उसका भाई भीड़ में बिछड़ गया है और स्टेशन पर भारी भीड़ के कारण कई बच्चे भी पैरों तले कुचल गए।

रेलवे प्रशासन की लापरवाही बनी हादसे की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि स्टेशन पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए कोई इंतजाम नहीं था। बिना टिकट वाले यात्री भी प्लेटफॉर्म पर जमा हो गए, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। रात करीब 9:30 बजे फुट ओवर ब्रिज पर किसी के फिसलने से कई यात्री गिर गए, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई। हादसे के बाद रेलवे प्रशासन ने पहले मृतकों की संख्या छिपाने की कोशिश की, लेकिन देर रात 18 मौतों की पुष्टि हुई।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव बोले- स्थिति नियंत्रण में

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने X (ट्विटर) पर लिखा, "नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर स्थिति नियंत्रण में है। दिल्ली पुलिस और आरपीएफ मौके पर मौजूद हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भीड़ को हटाने के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं।"

विपक्ष का मोदी सरकार पर हमला

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार मृतकों की संख्या छिपा रही है और पीड़ित परिवारों को उचित सहायता नहीं दी जा रही। उन्होंने रेलवे प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए पीड़ितों को मुआवजा और उचित जांच की मांग की

दिल्ली की कार्यवाहक मुख्यमंत्री आतिशी का बयान

दिल्ली की कार्यवाहक मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि एलएनजेपी अस्पताल में 15 मृतकों के शव लाए गए हैं, जिनमें से कुछ की अभी पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया

रेलवे की बड़ी लापरवाही या महज हादसा?

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन को विश्व स्तरीय सुविधाओं से लैस बताया जाता है, लेकिन शनिवार की घटना ने रेलवे प्रशासन की भीड़ प्रबंधन में असफलता उजागर कर दी। प्रयागराज महाकुंभ के कारण यात्रियों की भारी भीड़ पहले से ही थी, लेकिन रेलवे ने अतिरिक्त सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए, जिससे यह भयावह हादसा हुआ

    Previous
    Next

    Related Posts