



जयपुर पुलिस ने जमीनों पर अवैध कब्जा करने वाले कुख्यात भू-माफिया देवेन्द्र सिंघल को गिरफ्तार कर लिया है। मुहाना, मानसरोवर और श्याम नगर थाने में उसके खिलाफ 12 से अधिक मामले दर्ज हैं।
पीड़ित आशीष निठारवाल ने बताया कि उनके प्लॉट नंबर 76 से 87 और 119 से 131 (पारस नगर, ग्राम मोहनपुरा, मुहाना) में भू-माफिया का कब्जा था।1 जनवरी 2014 को जब वे प्लॉट देखने गए, तो वहां एक अज्ञात व्यक्ति मिला, जिसने बताया कि उसे वहां बैठाने वाला देवेन्द्र सिंघल है। जब पीड़ित ने अपने प्लॉट का दावा किया, तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट की और मौके से भगा दिया।
पीड़ित ने तत्काल मुहाना थाना पुलिस को शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।इसके बाद 4 जून 2014 को पीड़ित ने डीसीपी कार्यालय में शिकायत दी, फिर भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की।
आखिरकार, पीड़ित ने 15 जुलाई को कोर्ट से एफआईआर दर्ज करवाई।कोर्ट के आदेश के बाद जांच एसीपी सोडाला को सौंपी गई, लेकिन आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
डीसीपी ने हाल ही में केस की जांच एसीपी मानसरोवर आदित्य कांकडे को दी।जांच में देवेन्द्र सिंघल का अपराध प्रमाणित पाया गया, जिसके बाद कल रात उसे गिरफ्तार किया गया।एसीपी आदित्य कांकडे ने कहा कि आरोपी के खिलाफ 12 से अधिक मामले दर्ज हैं और कोर्ट में रिमांड के लिए पेश किया जाएगा।