Saturday, 29 August 2026

सीकर: खाटूश्यामजी दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं की कार हादसे का शिकार, पति-पत्नी की मौत, 6 घायल


सीकर: खाटूश्यामजी दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं की कार हादसे का शिकार, पति-पत्नी की मौत, 6 घायल

सीकर जिले के श्रीमाधोपुर इलाके में खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिससे दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में कार सवार पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चों समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना श्रीमाधोपुर के खंडेला रोड पर बंद पड़े रलावता टोल के पास हुई।

मौके पर ही पति की मौत, पत्नी ने रास्ते में तोड़ा दम

कस्बा पुलिस चौकी प्रभारी श्रीराम यादव ने बताया कि हादसे में आगरा के हाथरस जिले के रेहन गांव निवासी अजय सिंह उर्फ अजीत सिंह (35) की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी सीमा (33) को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया, लेकिन उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया।

तीन बच्चों सहित छह लोग घायल

इस दर्दनाक हादसे में अजय सिंह की दो बेटियां डिंपी (9) और वर्षा (15), बेटा शिवम (12), दोस्त रवि (40), रवि की पत्नी निशा (30) और उनका बेटा दिव्यांश गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को एसएमएस अस्पताल, जयपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

तीन मासूमों के सिर से उठा माता-पिता का साया

मृतक अजय सिंह के पड़ोसी वेदप्रकाश ने बताया कि अजय सिंह खेती करता था और उसके माता-पिता पहले ही गुजर चुके थे। वह परिवार में अकेला था और उसकी दो बेटियां और एक बेटा अब अनाथ हो गए हैं।

स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य में दी मदद

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

    Previous
    Next

    Related Posts