Saturday, 29 August 2026

आईफा अवार्ड्स के मंच से लॉन्च होगी नई फिल्म टूरिज्म पॉलिसी, राजस्थान में फिल्म इंडस्ट्री को मिलेगा बढ़ावा


आईफा अवार्ड्स के मंच से लॉन्च होगी नई फिल्म टूरिज्म पॉलिसी, राजस्थान में फिल्म इंडस्ट्री को मिलेगा बढ़ावा

बुधवार को पर्यटन भवन में डिप्टी सीएम दिया कुमारी की अध्यक्षता में नई फिल्म टूरिज्म पॉलिसी को लेकर प्रेजेंटेशन दिया गया। इस दौरान डिप्टी सीएम ने पर्यटन अधिकारियों के साथ आईफा अवार्ड समारोह में फिल्म पॉलिसी लॉन्च करने पर चर्चा की

राजस्थान में फिल्म शूटिंग को मिलेगा बढ़ावा

डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने कहा कि नई फिल्म टूरिज्म पॉलिसी से राजस्थानी फिल्म इंडस्ट्री को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही बॉलीवुड और हॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग को आकर्षित करने से राज्य में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने बताया कि फिल्म पॉलिसी और टूरिज्म पॉलिसी का प्रेजेंटेशन पूरा हो चुका है और जल्द ही इसे लागू किया जाएगा।

आईफा अवार्ड्स में दिखेगी राजस्थानी कला और संस्कृति

उन्होंने कहा कि आईफा अवार्ड्स पहली बार राजस्थान में हो रहे हैं, जो राज्य के पर्यटन और फिल्म इंडस्ट्री को नया मंच देंगे। इस आयोजन के दौरान राजस्थानी लोक कलाकारों को भी ग्लोबल प्लेटफॉर्म देने की योजना बनाई जा रही है। आईफा का प्रसारण पूरी दुनिया में होगा, जिससे राजस्थान की कला, संस्कृति और पर्यटन को वैश्विक पहचान मिलेगी।

फिल्म शूटिंग के लिए आकर्षक वातावरण तैयार होगा

पर्यटन सचिव रवि जैन के मुताबिक, आईफा अवार्ड्स मंच का उपयोग राजस्थान की फिल्म पॉलिसी को प्रमोट करने के लिए किया जाएगा। इसका उद्देश्य राजस्थान को फिल्म शूटिंग का प्रमुख केंद्र बनाना है, जिससे राज्य में आर्थिक मजबूती और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

राजस्थान में 8-9 मार्च को होगा भव्य आईफा अवार्ड्स समारोह

इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी (आईफा) अवार्ड समारोह 8 और 9 मार्च को जयपुर के सीतापुरा स्थित जेईसीसी में आयोजित होगा। इस भव्य आयोजन में 100 से अधिक बॉलीवुड सितारे शामिल होंगे। पूरा मंच राजस्थानी कला और संस्कृति की थीम पर तैयार किया जाएगा, जिससे राजस्थान की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जा सके।

    Previous
    Next

    Related Posts