Saturday, 29 August 2026

गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म का सचिन पायलट पर पलटवार, बोले- ‘ओछी राजनीति कर रही कांग्रेस’


गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म का सचिन पायलट पर पलटवार, बोले- ‘ओछी राजनीति कर रही कांग्रेस’

जयपुर। राजस्थान में फोन टैपिंग विवाद को लेकर सियासी घमासान जारी है। कांग्रेस महासचिव और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के बयान पर गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस पर ओछी राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि यह भाजपा का आंतरिक मामला है, जिसका जवाब कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा पहले ही दे चुके हैं।

"हमारी सरकार में किसी का फोन टैप नहीं हुआ"

गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि "हमारी सरकार में किसी भी विधायक या मंत्री का फोन टैप नहीं हुआ है। किरोड़ी लाल मीणा खुद स्पष्ट कर चुके हैं कि उनका फोन टैप नहीं हुआ। लेकिन कांग्रेस बेबुनियादी बयान देकर इस मुद्दे को उछाल रही है।"

सचिन पायलट पर तंज, कांग्रेस को दी नसीहत

जवाहर सिंह बेढ़म ने सचिन पायलट पर निशाना साधते हुए कहा कि सचिन पायलट को सिर्फ अपनी उपस्थिति दर्ज करानी है। वे शायद भूल गए हैं कि कांग्रेस के राज में वे खुद होटल में बंद रहे थे और उन्हें अपमानित किया गया था।
पायलट गुट के एक विधायक ने प्रेस के सामने कहा था कि उनके फोन टैप हो रहे हैं, लेकिन तब कांग्रेस के नेता चुप थे।"
अब वे भाजपा के आंतरिक मामलों पर बोलकर राजनीतिक फायदा उठाना चाहते हैं।

"ओछी राजनीति बंद करे कांग्रेस"

गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सदन में मुख्यमंत्री के अभिभाषण को बाधित कर रही है और जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी कमियों से बचने के लिए भाजपा सरकार के सुशासन पर सवाल खड़ा कर रही है, लेकिन जनता सच्चाई जानती है।

"उपचुनाव में जनता ने कांग्रेस को नकार दिया"

बेढ़म ने कहा कि जनता भाजपा सरकार के विकास कार्यों से खुश है और यही कारण है कि उपचुनाव में कांग्रेस का सफाया हो गया।
"भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा सरकार राजस्थान को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है, जबकि कांग्रेस सिर्फ बयानबाजी कर रही है।"

भाजपा बनाम कांग्रेस, सियासी घमासान तेज

गृह राज्यमंत्री के इस बयान से स्पष्ट है कि राजस्थान की राजनीति में भाजपा और कांग्रेस के बीच टकराव तेज हो गया है। फोन टैपिंग विवाद अब राजनीतिक हथियार बन गया है, जिसका इस्तेमाल दोनों दल एक-दूसरे पर हमला करने के लिए कर रहे हैं।

Previous
Next

Related Posts