



राजस्थान में पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ERCP) को लेकर RTI के माध्यम से मांगी गई जानकारी को भजनलाल सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला बताकर देने से इनकार कर दिया था। लेकिन अब राज्यसभा में सांसद घनश्याम तिवाड़ी के सवाल पर केंद्र सरकार ने इस MOU (समझौते) की जानकारी साझा की।
राज्यसभा में केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय ने बताया कि इस परियोजना से राजस्थान और मध्य प्रदेश को बड़े स्तर पर जल आपूर्ति होगी।
राजस्थान में कांग्रेस ने सरकार पर आरोप लगाया था कि इस MOU में सिंचाई के लिए कोई प्रावधान नहीं है, लेकिन अब राज्यसभा में केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय के जवाब में स्पष्ट किया गया है कि राजस्थान में 2.5 लाख हेक्टेयर कमांड एरिया को 1360 MCM पानी मिलेगा। फिलहाल राजस्थान में 1.5 लाख हेक्टेयर कमांड एरिया है, जिससे यह योजना कृषि क्षेत्र के लिए भी फायदेमंद साबित होगी।
जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के लिए राजस्थान, मध्य प्रदेश और केंद्र सरकार के बीच 28 जनवरी 2023 को दिल्ली में PKC की प्लानिंग और DPR तैयार करने के लिए समझौता (MOU) हुआ था। अब इस योजना का नया नाम ‘राम सेतु परियोजना’ रख दिया गया है।