



जयपुर मानसरोवर के बीटू बाइपास चौराहे के पास सोमवार दोपहर 2 बजे अचानक सड़क धंस गई। देखते ही देखते सड़क के बीच 15 फीट लंबा, 5 फीट चौड़ा और 15 फीट गहरा गड्ढा बन गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही ग्रेटर नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि सीवर लाइन डैमेज होने की वजह से सड़क धंसी। इस लाइन को 40 साल से अधिक समय पहले बिछाया गया था, जो अब जरजर हो चुकी है।
ग्रेटर नगर निगम के अनुसार सीवर लाइन पर आबादी का दबाव बढ़ने से पाइप कमजोर हो गए हैं। मानसरोवर क्षेत्र के पूरे सीवर को 900 एमएम पाइप के जरिए देहलावास सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तक ले जाया जाता है। हर साल पाइपलाइन टूट रही है, जिससे सड़क धंसने की घटनाएं बार-बार हो रही हैं।
ग्रेटर नगर निगम ने सीवर लाइन रिपेयरिंग का काम शुरू कर दिया है। हादसे के कारण बीटू बाइपास रोड पर यातायात प्रभावित हुआ, जिससे जाम की स्थिति बनी। प्रशासन ने क्षेत्र की अन्य सीवर लाइनों की जांच करने का निर्णय लिया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह समस्या हर साल होती है, लेकिन ग्रेटर नगर निगम इसे स्थायी रूप से ठीक नहीं कर रहा। लोगों ने सीवर लाइन की पूरी तरह से मरम्मत और नई पाइपलाइन बिछाने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि क्या ग्रेटरनगर निगम इस समस्या का स्थायी समाधान करेगा या फिर हर साल सड़क धंसने जैसी घटनाएं होती रहेंगी? प्रशासन को इस मामले में जल्द से जल्द ठोस कदम उठाने की जरूरत है।