दिल्ली विधानसभा चुनाव में AAP (आम आदमी पार्टी) को मिली करारी हार के बाद पार्टी सुप्रीमो और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के विधायकों की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। यह बैठक 11 फरवरी को सुबह 11 बजे दिल्ली के कपूरथला भवन में होगी। बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, उनके मंत्रिमंडल के सभी मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, AAP की इस बैठक के कारण पंजाब सरकार की कैबिनेट बैठक, जो 10 फरवरी को प्रस्तावित थी, उसे टाल दिया गया है। अब यह बैठक 13 फरवरी को दोपहर 12 बजे चंडीगढ़ में होगी।
दिल्ली चुनाव में हार के बाद AAP की पंजाब इकाई में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। पार्टी नेतृत्व की इस बैठक में चुनाव परिणामों की समीक्षा, पंजाब में पार्टी की रणनीति, आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी और संभावित राजनीतिक बदलावों पर चर्चा की जा सकती है।
यह दूसरी बार है जब पंजाब कैबिनेट मीटिंग के शेड्यूल को बदला गया है। इससे पहले 5 फरवरी को प्रस्तावित बैठक को भी स्थगित किया गया था। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि दिल्ली की हार के बाद AAP नेतृत्व पंजाब सरकार की रणनीति को पुनः परखना चाहता है।