



गुजरात के अहमदाबाद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। अहमदाबाद एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। जानकारी के मुताबिक, अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा लिखी गई चिट्ठी मिली है, जिसमें एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के जॉइंट पुलिस कमिश्नर शरद सिंघल ने बताया कि इस धमकी भरी चिट्ठी के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच तेज कर दी गई है।
जांच जारी, पहचान अज्ञात
सुरक्षा एजेंसियां इस मामले की गहराई से जांच कर रही हैं कि आखिर यह चिट्ठी किसने भेजी है। धमकी भेजने वाले की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।
पहले भी आ चुकी हैं धमकियां
यह पहली बार नहीं है कि एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली हो। इससे पहले चेन्नई और मुंबई एयरपोर्ट पर भी इस तरह की धमकियां सामने आ चुकी हैं। पिछले साल मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी ऐसी ही धमकी मिली थी, जिसमें यात्रियों को सतर्क रहने को कहा गया था।