



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ‘परीक्षा पे चर्चा 2025’ कार्यक्रम के दौरान छात्रों से संवाद किया और उन्हें परीक्षा तनाव से बचने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू हुआ, जिसमें पीएम मोदी ने छात्रों को तिल के लड्डू खिलाए और हेल्थ से जुड़े टिप्स भी दिए।
इस बार ‘परीक्षा पे चर्चा’ विशेष रहा क्योंकि इसमें बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण, भूमि पेडनेकर, अभिनेता विक्रांत मैसी, छह बार की विश्व चैंपियन मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम और आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु जैसी हस्तियां भी शामिल हुईं।
क्रिकेट से परीक्षा तनाव दूर करने का मंत्र
पीएम मोदी ने छात्रों से कहा, "जब क्रिकेट खेलते हैं तो स्टेडियम से कई आवाजें आती हैं—कोई सिक्स कहता है, कोई फोर। लेकिन क्या बल्लेबाज इन पर ध्यान देता है? नहीं, उसका पूरा ध्यान सिर्फ बॉल पर होता है। अगर वह बाहरी दबाव में आ जाए तो आउट हो जाएगा।" उन्होंने समझाया कि परीक्षा में भी छात्रों को बाहरी दबाव से बचकर सिर्फ अपने लक्ष्य पर ध्यान देना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने छात्रों को सलाह दी कि वे पढ़ाई के लिए एक निश्चित समय तय करें और लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि यदि छात्र अपने तय समय में ध्यान केंद्रित करके पढ़ाई करें, तो परीक्षा का तनाव खुद-ब-खुद कम हो जाएगा।
स्वस्थ जीवनशैली पर भी दी सलाह
पीएम मोदी ने छात्रों को हेल्दी डाइट लेने और शरीर को एक्टिव रखने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि संतुलित आहार और व्यायाम से न केवल मानसिक ताजगी बनी रहती है, बल्कि परीक्षा के दौरान फोकस भी बढ़ता है।
‘परीक्षा पे चर्चा’ में शामिल छात्रों ने पीएम मोदी के सुझावों को सराहा और कहा कि यह टिप्स उनके परीक्षा के तनाव को कम करने में मदद करेंगे।