Saturday, 29 August 2026

धाकड़ समाज का 32वां राष्ट्रीय अधिवेशन: किसानों, युवाओं और महिलाओं के उत्थान पर जोर


धाकड़ समाज का 32वां राष्ट्रीय अधिवेशन: किसानों, युवाओं और महिलाओं के उत्थान पर जोर

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि धाकड़ समाज भारत के विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह समाज परिश्रम, सेवा और अनुशासन का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि धरणीधर भगवान के उपासक धाकड़ समाज के युवा अब केवल कृषि तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उद्योग क्षेत्र में भी अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं।

जयपुर में छात्रावास के लिए आवंटित होगी भूमि

मुख्यमंत्री शर्मा ने घोषणा की कि राज्य सरकार धाकड़ समाज के होनहार विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए जयपुर में छात्रावास हेतु भूमि आवंटित करेगी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार राजस्थान के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जल्द ही रामजल सेतु लिंक परियोजना के जरिए प्रदेश के कई जिलों में पानी पहुंचाने का काम किया जाएगा।

पूर्ववर्ती सरकार ने किसानों को रखा था वंचित

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार की लापरवाही के कारण साढ़े सात लाख किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से वंचित रह गए थे। भाजपा सरकार ने उन्हें इस योजना से जोड़कर अतिरिक्त 2000 रुपए की सम्मान निधि देने की घोषणा की।

युवाओं को नौकरियों और रोजगार पर जोर

उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष में लगभग 60,000 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं, और 81,000 भर्तियों का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया गया है। पूर्व सरकार के कार्यकाल में हुई पेपर लीक की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की गई है ताकि युवाओं के आत्मविश्वास को बहाल किया जा सके।

"धाकड़ समाज कृषि नवाचार में बना प्रेरणा स्रोत": ओम बिरला

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि अगर देश को प्रगति के रास्ते पर आगे ले जाना है, तो सबसे पहले किसानों को समृद्ध और खुशहाल बनाना होगा। उन्होंने कहा कि धाकड़ समाज के किसान कठिन परिश्रम, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक हैं।

उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक खेती और तकनीकी नवाचार अपनाने का आह्वान किया और कहा कि कम लागत में अधिक उत्पादन समय की मांग है। उन्होंने सुझाव दिया कि इस अभियान की शुरुआत हाड़ौती क्षेत्र से होनी चाहिए।

4 करोड़ की लागत से बना नवनिर्मित ब्लॉक का लोकार्पण

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 4 करोड़ रुपए की लागत से बने नवनिर्मित ब्लॉक का लोकार्पण किया। इस भवन में 44 कमरे, लिफ्ट और एक हॉल का निर्माण कराया गया है।

कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर, मध्य प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, सांसद रोडमल नागर, विधायक संदीप शर्मा, सुरेश धाकड़ और कल्पना देवी सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Previous
Next

Related Posts