Saturday, 29 August 2026

जयपुर में आईबी का फर्जी अधिकारी बनकर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, 20 लाख की ठगी का आरोप


जयपुर में आईबी का फर्जी अधिकारी बनकर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, 20 लाख की ठगी का आरोप

जयपुर में खुफिया विभाग (आईबी) का फर्जी अधिकारी बनकर युवाओं को नौकरी लगवाने के नाम पर ठगने वाले एक शातिर ठग को जयपुर पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया। आरोपी खुद को आईबी में डिप्टी एसपी (DYS) बताकर लोगों को झांसे में लेता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी नई दिल्ली का रहने वाला है और फिलहाल जगतपुरा में रह रहा था। उसके खिलाफ जयपुर एयरपोर्ट थाने में कई शिकायतें दर्ज थीं।

नौकरी का झांसा देकर ठगी

जयपुर (पूर्व) डीसीपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि 8 फरवरी को एयरपोर्ट थाने में नितिन कुमार, आकाश सिंह, राहुल फौजदार और जितेंद्र सिंह ने प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि श्रीनिवास कुमार चौबे नामक व्यक्ति ने खुद को आईबी का उच्च अधिकारी बताकर उन्हें वित्त मंत्रालय और जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) में नौकरी दिलाने का झांसा दिया और हर व्यक्ति से 5 लाख रुपये लेकर कुल 20 लाख रुपये ऐंठ लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

भारत सरकार की प्लेट लगी कार जब्त

डीसीपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि वित्तीय धोखाधड़ी रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पूर्व) आशाराम चौधरी के निर्देशन में और मालवीय नगर एसीपी आदित्य पूनिया के सुपरविजन में एक टीम गठित की गई। टीम ने रामनगरिया थाना क्षेत्र के पीछे स्थित कान्हा रेजीडेंसी में दबिश देकर आरोपी श्रीनिवास कुमार चौबे को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक कार भी बरामद हुई, जिस पर भारत सरकार की नंबर प्लेट लगी हुई थी। पुलिस ने इस कार को जब्त कर लिया है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

पहले भी कर चुका है ठगी

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी इस तरह की ठगी कर चुका है और उसने कई लोगों से लाखों रुपये ठगे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसने और कितने लोगों को इसी तरह ठगा है और उसके नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं। पुलिस आरोपी के बैंक खातों और संपत्तियों की भी जांच कर रही है।

    Previous
    Next

    Related Posts