Saturday, 29 August 2026

दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद आतिशी ने दिया मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा, LG ने जारी की विधानसभा भंग करने की अधिसूचना


दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद आतिशी ने दिया मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा, LG ने जारी की विधानसभा भंग करने की अधिसूचना

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों के बाद, मुख्यमंत्री आतिशी ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। वे सुबह 11 बजे LG सेक्रेट्रिएट पहुंचीं, जहां उन्होंने उपराज्यपाल वीके सक्सेना को अपना त्यागपत्र सौंपा। इसके बाद LG ने 7वीं दिल्ली विधानसभा को भंग करने की अधिसूचना जारी कर दी।

आतिशी ने जीती कालकाजी सीट, लेकिन पार्टी को बड़ा नुकसान

आतिशी ने कालकाजी विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी को 3,580 वोटों से हराया, लेकिन उनकी पार्टी आम आदमी पार्टी (AAP) महज 22 सीटों तक सिमट गई। वहीं, भाजपा ने 70 में से 48 सीटें जीतकर 26 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की। कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिल पाई, जिससे दिल्ली में पार्टी का खाता भी नहीं खुला।

केजरीवाल ने पहले ही इस्तीफा दिया था

गौरतलब है कि 17 सितंबर 2024 को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल (LG) विनय सक्सेना को इस्तीफा सौंप दिया था। उस समय आतिशी और अन्य 4 मंत्री उनके साथ मौजूद थे। इसके बाद आतिशी ने नई सरकार बनाने के लिए दावा पेश किया था, लेकिन चुनावी नतीजों में AAP की हार के बाद उन्होंने भी इस्तीफा दे दिया।

BJP में मुख्यमंत्री पद को लेकर मंथन जारी

दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद नई सरकार के गठन को लेकर भाजपा में मंथन तेज हो गया है। गृह मंत्री अमित शाह के घर भाजपा नेताओं की अहम बैठक चल रही है, जिसमें जेपी नड्डा और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हैं। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलहाल दो देशों के दौरे पर हैं, इसलिए नई दिल्ली सरकार का शपथ ग्रहण समारोह उनके लौटने के बाद ही होगा। इस शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हो सकते हैं।


    Previous
    Next

    Related Posts