



बॉलीवुड के वेटरन फिल्ममेकर के.सी. बोकाडिया पिछले कुछ समय से फिल्म सिटी बनाने के प्रयासों में जुटे हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश में बन रही फिल्म सिटी के टेंडर में हिस्सा लिया था, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की और जयपुर में फिल्म सिटी बनाने का प्रस्ताव रखा, जिसे मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रूप से स्वीकार कर लिया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी राजस्थान में फिल्म सिटी स्थापित करना चाहते थे। सरकार ने बोकाडिया के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए जयपुर में भूमि आवंटित करने की घोषणा कर दी। बोकाडिया ने भी जमीन की रजिस्ट्री कराने की तैयारी कर ली थी।
बोकाडिया ने कहा कि ऐन मौके पर यह प्रोजेक्ट किसी अज्ञात कारण से रुक गया। उन्होंने उन्होंने कहा कि राज्य सरकार से सवाल किया है कि जब सब कुछ ठीक चल रहा था, तो अचानक ऐसा क्या हुआ कि मामला अटक गया?
बोकाडिया के अनुसार, अगर राजस्थान में फिल्म सिटी बनती है, तो यह लोकल कलाकारों को बड़ा मंच प्रदान करेगी। इससे राज्य में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
केसी बोकाडिया का कहना है कि वह फिल्म सिटी के इस प्रोजेक्ट को लेकर गंभीर हैं और सरकार से इस पर दोबारा चर्चा करने के लिए तैयार हैं।