अहमदाबाद उद्योगपति गौतम अडानी के छोटे बेटे जीत अडानी और हीरा कारोबारी जैमिन शाह की बेटी दिवा शाह आज शादी के पवित्र बंधन में बंध गए। यह शादी अहमदाबाद, गुजरात में एक निजी और पारंपरिक समारोह के रूप में संपन्न हुई।
गौतम अडानी ने सोशल मीडिया पर साझा की शादी की तस्वीरें: गौतम अडानी ने सोशल मीडिया पर बेटे जीत अडानी और दिवा शाह की शादी की तस्वीरें साझा की और इस शुभ अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने लिखा कि परमपिता परमेश्वर के आशीर्वाद से जीत और दिवा आज विवाह के पवित्र बंधन में बंध गए। यह विवाह अहमदाबाद में प्रियजनों के बीच पारंपरिक रीति-रिवाजों और शुभ मंगल भाव के साथ संपन्न हुआ। यह एक छोटा और अत्यंत निजी समारोह था, इसलिए हम चाह कर भी सभी शुभचिंतकों को आमंत्रित नहीं कर सके, जिसके लिए मैं क्षमाप्रार्थी हूँ। मैं आप सभी से बेटी दिवा और जीत के लिए स्नेह और आशीष का हृदय से आकांक्षी हूँ।
पारंपरिक जैन और गुजराती रीति-रिवाजों से संपन्न हुई शादी: शादी के दौरान पारंपरिक जैन और गुजराती संस्कृति का पालन किया गया। विवाह समारोह में परिवार के सदस्य, करीबी रिश्तेदार और कुछ विशेष मेहमान ही शामिल हुए। दोपहर 2 बजे से प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन शुरू हुआ। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दूल्हा-दुल्हन पंजाबी भांगड़े की धुनों पर झूमते हुए नजर आए।
सादगी और भव्यता का अनोखा संगम: शादी प्राइवेट सेरेमनी के रूप में आयोजित की गई, लेकिन इसकी सजावट और भव्यता ने लोगों को आकर्षित किया। आयोजन स्थल को पारंपरिक और आधुनिक डिजाइनों से सजाया गया था, जो गुजराती संस्कृति और जैन परंपरा की झलक को प्रदर्शित कर रहा था।
शादी में शामिल होने वाले खास मेहमान : शादी में अडानी परिवार के करीबी लोग, बिजनेस जगत की हस्तियां और चुनिंदा गणमान्य व्यक्ति ही शामिल हुए। हालांकि, समारोह पूरी तरह निजी रखा गया और इसमें आमंत्रित मेहमानों की संख्या सीमित थी।
गौतम अडानी ने इस खास मौके पर अपने शुभचिंतकों और प्रशंसकों से बेटे और बहू के लिए आशीर्वाद की कामना की।