



उपराष्ट्रपति डॉ. जगदीप धनखड़ 9 फरवरी को चित्तौड़गढ़ जिले के मातृकुंडिया में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे यहां अखिल मेवाड़ क्षेत्रीय जाट महासभा को संबोधित करेंगे और शिव मंदिर में दर्शन करेंगे। जिला प्रशासन ने उनके आगमन की तैयारियां तेज कर दी हैं।
जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर मातृकुंडिया में हेलीपैड स्थल, सभा मंच और मंदिर का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। दौरे के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा की कड़ी निगरानी रखने के लिए अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
शुक्रवार को उपखंड अधिकारी कार्यालय में अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, अतिरिक्त जिला कलेक्टर भू-अभिलेख रामचंद्र खटीक, उपखंड अधिकारी राशमी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित तहसीलदार और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। चिकित्सा, यातायात और जनसभा प्रबंधन को लेकर सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह है और बड़ी संख्या में लोग इस जनसभा में शामिल होंगे।