



राजस्थान आवासन मंडल जल्द ही विभिन्न आय वर्ग के लोगों के लिए नई आवासीय योजनाएं शुरू करने जा रहा है। जयपुर, टोंक और उदयपुर में हजारों भूखंड और फ्लैट्स उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे आम जनता का अपने घर का सपना साकार हो सकेगा।
जयपुर के मानसरोवर में जल्द आएगी 160 फ्लैट्स की योजना
शहरवासियों के लिए यह एक बड़ी खुशखबरी है कि जयपुर के मानसरोवर सेक्टर-5 में विभिन्न आय वर्गों के लिए 160 फ्लैट्स की योजना जल्द ही लॉन्च की जाएगी। इस योजना की आवेदन प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी। शुक्रवार को नगरीय विकास विभाग के प्रमुख शासन सचिव वैभव गालरिया की अध्यक्षता में हुई आवासन मंडल की 172वीं परियोजना समिति बैठक में इस योजना को मंजूरी दी गई।
टोंक और उदयपुर में भी मिलेगी बड़ी सौगात
बैठक में जयपुर के अलावा अन्य शहरों में भी नई आवासीय योजनाओं को हरी झंडी दी गई। सेवारामपुरा (टोंक) में 5,229 भूखंड, देवली (टोंक) में 1,070 आवासीय भूखंड और देवाली (उदयपुर) में 200 आवासीय और 7 मिश्रित भू उपयोग वाले भूखंड की योजनाओं को मंजूरी दी गई है।
आवासीय परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन के निर्देश
प्रमुख शासन सचिव वैभव गालरिया ने बैठक में निर्देश दिए कि इन योजनाओं को जल्द ही धरातल पर उतारा जाए। आवासन आयुक्त डॉ. रश्मि शर्मा ने बताया कि इन योजनाओं के मानचित्र अनुमोदन का कार्य भी किया जा चुका है।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति
बैठक में मुख्य नगर नियोजक अनिल माथुर, मुख्य अभियंता अमित अग्रवाल, अतिरिक्त मुख्य अभियंता प्रतीक श्रीवास्तव, वरिष्ठ नगर नियोजक पोद्दार प्रकाश शारदूल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।