Saturday, 29 August 2026

कोटा में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट के निर्माण के लिए टेंडर जारी, जल्द शुरू होगा काम


कोटा में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट के निर्माण के लिए टेंडर जारी, जल्द शुरू होगा काम

राजधानी दिल्ली से कोटा वासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। कोटा में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट के निर्माण को लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने टेंडर जारी कर दिए हैं। टेंडर प्रक्रिया तीन महीने में पूरी होने के बाद, कोचिंग सिटी कोटा में एयरपोर्ट निर्माण कार्य तेज गति से शुरू होगा।

गुरुवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद भवन स्थित कार्यालय में केंद्रीय उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से मुलाकात की। इस दौरान मंत्री ने उन्हें एयरपोर्ट से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं की जानकारी दी और बताया कि दिसंबर 2027 तक कोटा एयरपोर्ट का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

467.67 करोड़ की लागत से होगा निर्माण

एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा जारी टेंडर के अनुसार, पहले फेज में 467.67 करोड़ की लागत से एयरपोर्ट का निर्माण किया जाएगा। इसमें रनवे सहित एयर साइड से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल होंगे। टेंडर जमा करने की अंतिम तिथि 11 अप्रैल है, जबकि 17 अप्रैल को टेंडर घोषित किए जाएंगे। इसके अलावा, सड़क और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं का कार्य भी अन्य एजेंसियों द्वारा शुरू कर दिया गया है।

कोटा-बूंदी सहित हाड़ौती और पश्चिमी राजस्थान को मिलेगा लाभ

इस एयरपोर्ट का लाभ कोटा-बूंदी क्षेत्र के साथ-साथ पूरे हाड़ौती और पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों को मिलेगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने केंद्रीय मंत्री से टेंडर प्रक्रिया को शीघ्र शुरू कराने का आग्रह किया था, जिसके बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी ने तुरंत इस पर काम शुरू कर दिया। इस महत्वपूर्ण बैठक में स्पीकर बिरला के ओएसडी राजीव दत्ता और एयरपोर्ट अथॉरिटी के शरद कुमार भी उपस्थित रहे।

कोटा से जल्द शुरू होगी विमान सेवा

केंद्रीय उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने जानकारी दी कि तीन महीने में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। दिसंबर 2027 तक एयरपोर्ट का निर्माण पूरा होने के बाद, कोटा से हवाई सेवा शुरू हो जाएगी। इससे कोटा को एक नई पहचान मिलेगी और यहां के लोगों को हवाई सफर की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

    Previous
    Next

    Related Posts