



राजस्थान ने एक बार फिर अपनी योग संस्कृति का परचम लहराते हुए सूर्य नमस्कार में नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है। 3 फरवरी को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में आयोजित सूर्य नमस्कार में 1 करोड़ 53 लाख से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जो पूर्व के 1.33 करोड़ प्रतिभागियों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बन गई।
गुरुवार को विधानसभा परिसर में वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधि प्रथम भल्ला ने इस उपलब्धि का प्रोविजनल प्रमाण पत्र शिक्षा मंत्री श्री मदन दिलावर को सौंपा। शिक्षा मंत्री ने इस उपलब्धि के लिए प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा, "सूर्य नमस्कार न केवल हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है, बल्कि यह स्वास्थ्य और तनाव मुक्त जीवन के लिए भी अनिवार्य है।" उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन शिक्षा मंत्री श्री मदन दिलावर के नेतृत्व और मार्गदर्शन में किया गया। 3 फरवरी को राज्य के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में सूर्य नमस्कार के आयोजन के साथ-साथ जयपुर के एसएमएस फुटबॉल ग्राउंड में राज्य स्तरीय कार्यक्रम भी आयोजित हुआ, जिसमें शिक्षा मंत्री ने स्वयं हिस्सा लिया।
इस अवसर पर शासन सचिव श्री कृष्ण कुणाल, माध्यमिक शिक्षा निदेशक श्री आशीष मोदी, प्रारंभिक शिक्षा निदेशक श्री सीताराम जाट, और कई अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। यह उपलब्धि राजस्थान के लिए न केवल गौरव का विषय है, बल्कि योग के प्रति लोगों की जागरूकता और समर्पण का भी प्रमाण है।