Saturday, 29 August 2026

जयपुर-अजमेर हाईवे पर टायर फटने से बेकाबू हुई रोडवेज बस, 8 की मौत, 6 घायल


जयपुर-अजमेर हाईवे पर टायर फटने से बेकाबू हुई रोडवेज बस, 8 की मौत, 6 घायल

जयपुर-अजमेर हाईवे पर गुरुवार दोपहर करीब 3:45 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार रोडवेज बस का टायर फटने के कारण बस बेकाबू हो गई और डिवाइडर कूदकर सामने से आ रही ईको कार से टकरा गई। इस भयानक हादसे में कार में सवार 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए।

जयपुर ग्रामीण एसपी आनंद कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जोधपुर डिपो की रोडवेज बस जयपुर से अजमेर जा रही थी, जबकि ईको कार अजमेर से जयपुर की ओर आ रही थी। अचानक बस का टायर फट गया, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर कूदकर दूसरी लेन में आ गई। सामने से आ रही कार को बस ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि कार बुरी तरह पिचक गई और उसमें सवार सभी यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में जान गंवाने वाले सभी भीलवाड़ा के निवासी

इस हादसे में ईको कार में सवार सभी 8 लोग भीलवाड़ा के रहने वाले थे। कार इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई कि यात्रियों को बाहर निकालने के लिए वाहन को काटना पड़ा। घटना के तुरंत बाद पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया

हादसे में 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।

हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम

घटना के बाद जयपुर-अजमेर हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस और क्षतिग्रस्त कार को हटाया, तब जाकर यातायात सामान्य हो पाया।

एसपी आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि बस का टायर अचानक फट जाने से हादसा हुआ। प्राथमिक जांच में बस चालक की कोई लापरवाही सामने नहीं आई है। हालांकि, बस के फिटनेस की जांच की जाएगी और दुर्घटना के अन्य कारणों का पता लगाया जाएगा।

Previous
Next

Related Posts