



मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ के निजी आवास पर पहुंचकर उनके पिता स्व. कर्नल लक्ष्मण सिंह राठौड़ को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने पार्थिव देह पर पुष्पचक्र चढ़ाकर अपनी श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कर्नल लक्ष्मण सिंह राठौड़ के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया और उनके परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति देने की कामना की।

इस दौरान राज्य के कई मंत्री और जनप्रतिनिधिगण भी स्व. कर्नल लक्ष्मण सिंह राठौड़ को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, वन राज्य मंत्री संजय शर्मा, सैनिक कल्याण राज्य मंत्री विजय सिंह, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म सहित कई अन्य वरिष्ठ नेताओं और अधिकारियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
गौरतलब है कि कर्नल लक्ष्मण सिंह राठौड़ भारतीय सेना के सेवानिवृत्त अधिकारी थे, जिन्होंने देश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका अंतिम संस्कार 7 फरवरी 2025 को पांच्यावाला, जयपुर में किया जाएगा।