दुष्कर्म मामले में दोषी आसाराम अंतरिम जमानत पर जेल से बाहर है और फिलहाल अहमदाबाद (गुजरात) के मोटेरा आश्रम में रह रहा है। इस बीच उसके जोधपुर स्थित पाल आश्रम में एक महिला के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत किए जाने का मामला सामने आया है।
मध्य प्रदेश की रहने वाली एक महिला ने कोर्ट के माध्यम से जोधपुर पुलिस में मामला दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि वह 21 जुलाई 2024 को अपनी छह बहनों के साथ जोधपुर स्थित पाल आश्रम में सत्संग सुनने आई थी।आसाराम का सत्संग ऑनलाइन लाइव चल रहा था, इसी दौरान सेवादारों ने उसे जबरन पहली मंजिल पर ले जाकर अश्लील हरकत की।महिला ने आरोप लगाया कि उसकी बहनों से भी बदसलूकी की गई।
पुलिस कर रही मामले की जांच: जोधपुर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर छेड़छाड़ और अश्लील हरकत का मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस आश्रम के सेवादारों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।पीड़िता और उसकी बहनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।आसाराम के जोधपुर आश्रम से जुड़े अन्य लोगों से भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।
आसाराम अभी अहमदाबाद के आश्रम में:रेप केस में दोषी करार दिए गए आसाराम को पिछले साल मेडिकल आधार पर अंतरिम जमानत दी गई थी।वह इस समय अहमदाबाद के मोटेरा स्थित अपने आश्रम में रह रहा है।इस नए मामले से एक बार फिर आसाराम के आश्रमों में होने वाली गतिविधियों पर सवाल खड़े हो गए हैं।
पहले भी आ चुके हैं विवादों में आसाराम के आश्रम:आसाराम को पहले भी यौन शोषण के मामलों में दोषी करार दिया गया है।उसके जोधपुर और अन्य आश्रमों पर कई बार गंभीर आरोप लग चुके हैं।इस नए मामले के बाद पुलिस की जांच का दायरा बढ़ सकता है और यह देखा जाएगा कि आश्रम में और कितनी महिलाओं के साथ ऐसी घटनाएं हुई हैं।
पुलिस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच को आगे बढ़ा रही है।जोधपुर पुलिस जल्द ही आश्रम के सेवादारों से विस्तृत पूछताछ कर सकती है।अगर आरोप साबित होते हैं, तो इस मामले में गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।