



राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि (शहीद दिवस) के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को शासन सचिवालय स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दो मिनट का मौन रखकर गांधी जी और देश के शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री शर्मा ने गांधी जी की प्रतिमा के समक्ष बैठकर उनके प्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो तेने कहिये’, ‘रघुपति राघव राजा राम’, ‘राम रतन धन पायो’, ‘श्री राम जय राम’ और ‘तू ही है तो सहारा’ सुनकर उनके आदर्शों को याद किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत, राजस्व मंत्री हेमंत मीणा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा सहित अन्य मंत्रीगण उपस्थित रहे।
मुख्य सचिव सुधांश पंत, विभिन्न विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव, शासन सचिव, सचिवालय कर्मचारी संघ के पदाधिकारी और अधिकारी-कर्मचारियों ने भी मौन रखकर महात्मा गांधी और देश के शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
शहीद दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री ने गांधी जी के सिद्धांतों और अहिंसा के मार्ग को याद करते हुए देशवासियों से एकता और शांति का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के आदर्श आज भी हमारे लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके बताए मार्ग पर चलकर ही हम एक बेहतर समाज का निर्माण कर सकते हैं।