



मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है और पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए समर्पित भाव से काम करता है। भाजपा में आंतरिक लोकतंत्र की परंपरा सदैव कायम रही है और इसी दिशा में संगठन के चुनाव संपादित किए जाते हैं।
मुख्यमंत्री बुधवार को जयपुर देहात दक्षिण के बगरू स्थित नरसिंहपुरा में आयोजित 'संगठन महापर्व 2024' में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के 'अंत्योदय' और डॉ. भीमराव अंबेडकर के 'समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान' के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
युवाओं को रोजगार के अवसर:अब तक लगभग 60 हजार युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं। प्रदेश में 2027 तक किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध करवाने का लक्ष्य रखा गया है।ऊर्जा क्षेत्र में राज्य सरकार ने केंद्र सरकार के साथ 2.24 लाख करोड़ रुपये के एमओयू साइन किए हैं।

बजट घोषणाओं की रिकॉर्ड समय में स्वीकृति: प्रदेश में पहली बार 99% बजट घोषणाओं में जमीन आवंटन एवं 90% घोषणाओं की वित्तीय स्वीकृतियां छह महीने के भीतर पूरी कर ली गई हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने देश और प्रदेश में ऐतिहासिक बदलाव किए हैं। भाजपा की विशेषता यही है कि हर कार्यकर्ता एक संकल्प के साथ काम करता है और राष्ट्र सेवा को सर्वोपरि रखता है।
इस कार्यक्रम में जिला प्रभारी विमल अग्रवाल, बगरू विधायक कैलाश वर्मा, जयपुर जिला प्रमुख रमा देवी चोपड़ा, पूर्व विधायक मानसिंह, चुनाव अधिकारी जगवीर छाबा, पूर्व मंत्री कन्हैयालाल मीणा, पूर्व विधायक निर्मल कुमावत, एसटी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष नारायण मीना और एससी मोर्चा प्रदेश महामंत्री मुकेश गर्ग सहित भाजपा संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।