



जयपुर के मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमएनआईटी) में पढ़ रही दिव्या राज मेघवाल (21) ने रविवार रात हॉस्टल की छठी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने शव को जयपुरिया हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया।
रविवार रात करीब 9:50 बजे, दिव्या का शव इंस्टीट्यूट कैंपस में पाया गया। पुलिस ने प्राथमिक जांच में पाया कि दिव्या ने हॉस्टल की छत से छलांग लगाई। वह पाली जिले के देसूरी की रहने वाली थी और एमएनआईटी में बी. आर्क (आर्किटेक्ट) फर्स्ट ईयर की छात्रा थी।
मालवीय नगर एसीपी आदित्य पूनिया ने बताया कि दिव्या के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। नोट की जांच की जा रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।
मालवीय नगर SHO संग्राम सिंह ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने:दिव्या के हॉस्टल के कमरे की तलाशी ली।उसके मोबाइल फोन की जांच करवाई जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि घटना से पहले उसने आखिरी बार किससे बात की।आसपास मौजूद स्टूडेंट्स और स्टाफ से पूछताछ की जा रही है।
दिव्या पाली जिले के देसूरी कस्बे की निवासी थी। उसके परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है। परिवार के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या दिव्या किसी मानसिक तनाव या शैक्षणिक दबाव से गुजर रही थी। सुसाइड नोट और उसके दोस्तों के बयान से यह स्पष्ट होगा।