



प्रयागराज महाकुंभ के सेक्टर 19 में स्थित गीताप्रेस कैंप में रविवार शाम सिलेंडर लीक होने के कारण भीषण आग लग गई। यह हादसा शाम करीब 4:10 बजे हुआ, जब कैंप की रसोई में छोटे सिलेंडर से चाय बनाते समय गैस लीक हो गई। इसके बाद दो सिलेंडरों में धमाके हुए, जिससे आग तेजी से फैल गई और 180 कॉटेज जलकर खाक हो गए।
आग लगने के तुरंत बाद मेला क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। स्थिति को संभालने के लिए फायर ब्रिगेड की 12 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम 5 बजे आग पर काबू पाया गया। मेला सीएफओ प्रमोद शर्मा ने बताया कि इस हादसे में करीब 500 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। हालांकि, एक संन्यासी के एक लाख रुपए के नोट और कई अन्य सामान आग की चपेट में आ गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना की गंभीरता को देखते हुए सीएम योगी से फोन पर बातचीत की और घटना की पूरी जानकारी ली। खास बात यह है कि आग लगने से कुछ ही देर पहले पीएम मोदी ने हेलिकॉप्टर से मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया था।
गीता प्रेस कैंप में सिलेंडर लीक और ब्लास्ट के बाद मेला क्षेत्र में सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बड़े आयोजन में सिलेंडरों का लीक होना और आग लगने की घटना प्रशासन की तैयारी और सतर्कता पर सवालिया निशान लगाती है।
आग से 180 कॉटेज पूरी तरह नष्ट हो गए, जिससे गीता प्रेस के कर्मचारी और श्रद्धालु बेघर हो गए। प्रभावित लोगों को तत्काल राहत प्रदान करने के लिए अस्थायी व्यवस्था की जा रही है।