Wednesday, 05 February 2025

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डोटासरा ने भाजपा पर साधा निशाना, भजनलाल सरकार को बताया 'पपेट मॉडल'


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डोटासरा ने भाजपा पर साधा निशाना, भजनलाल सरकार को बताया 'पपेट मॉडल'

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने रविवार को जयपुर के बाड़ा पदमपुरा में आयोजित कांग्रेस सेवादल की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में भाजपा और भजनलाल सरकार की तीखी आलोचना की। उन्होंने बीजेपी की सरकार को 'पपेट मॉडल' करार देते हुए इसे प्रदेश और देश के लिए खतरनाक बताया।
डोटासरा ने कहा, "भाजपा में आजकल एक नया मॉडल चल रहा है। सबसे कमजोर व्यक्ति को सत्ता सौंप दो, उसे पपेट बनाओ और दिल्ली से सरकार चलाओ। पर्ची भेजो और अगले से साइन करवा लो। ऐसा मॉडल देश और प्रदेश के लिए नुकसानदायक है।" उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि पार्टी नेतृत्व की स्पष्टता की कमी जनता के प्रति उनकी गंभीरता को दर्शाती है।
डोटासरा ने भजनलाल सरकार की कार्यशैली पर निशाना साधते हुए कहा, "राजस्थान में सरकार केवल पद और सत्ता के लिए चल रही है। हर कोई इस चिंता में है कि कब उनका पद चला जाएगा। विकास कार्य, अपराध नियंत्रण, और सुशासन की दिशा में कोई काम नहीं हो रहा है।"
डोटासरा ने भाजपा के 100 दिनों में पारदर्शी स्थानांतरण नीति बनाने के वादे पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, "एक कर्मचारी की तीन-तीन जगह पर्ची कट गई। पारदर्शी नीति बनाना तो दूर, उल्टा 'लूटो, खोसो, पर्ची काटो' की स्थिति चल रही है।"
डोटासरा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता को सच्चाई बताएं और भाजपा की नीतियों का पर्दाफाश करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि प्रदेश और देश के विकास के लिए कार्य करना है।

Previous
Next

Related Posts