जयपुर विद्युत वितरण निगम (जयपुर डिस्कॉम) ने उपभोक्ताओं को राहत देते हुए निर्माणाधीन आवासीय भवनों को स्थायी घरेलू बिजली कनेक्शन देने का निर्णय लिया है। यह फैसला 8 जनवरी 2025 को आयोजित 90वीं डीसीएफ बैठक में लिया गया, जिसका आदेश 10 जनवरी 2025 को जारी कर दिया गया है।
उपभोक्ताओं को होगी बड़ी राहत: इस नए नियम के तहत: अस्थायी कनेक्शन की प्रक्रिया समाप्त: उपभोक्ताओं को अब अस्थायी कनेक्शन लेने और फिर स्थायी कनेक्शन के लिए आवेदन करने की अलग-अलग प्रक्रिया से छुटकारा मिलेगा।
चार्ज में बचत: अस्थायी कनेक्शन के लिए सामान्य दर से 1.5 गुना ज्यादा शुल्क चुकाने की जरूरत नहीं होगी।
समय की बचत: एक बार में स्थायी कनेक्शन के लिए आवेदन कर उपभोक्ता समय और धन दोनों बचा सकेंगे।
पुरानी व्यवस्था की समस्याएं: पहले उपभोक्ताओं को अस्थायी कनेक्शन लेने में कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।अस्थायी कनेक्शन महंगा होने के साथ ही यह सीमित अवधि के लिए होता था।निर्माण पूरा होने के बाद उपभोक्ताओं को स्थायी कनेक्शन के लिए फिर से आवेदन करना पड़ता था, जिसमें समय और अतिरिक्त खर्च लगता था।
जयपुर डिस्कॉम के फैसले का असर:जयपुर डिस्कॉम के इस फैसले से उन लोगों को सीधा लाभ मिलेगा, जो खुद के उपयोग के लिए आवासीय भवन निर्माण कर रहे हैं। अब केवल स्थायी कनेक्शन के लिए आवेदन करने से निर्माण के दौरान भी बिजली सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।