



पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने साल 2025 के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे पीएम मोदी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया। पीएम मोदी ने वीडियो के साथ लिखा, "बहुत ही यादगार बातचीत! पेश हैं मुख्य अंश..."
वीडियो में देखा जा सकता है कि दिलजीत गुलदस्ता लेकर पीएम मोदी से मिलने आते हैं। इस पर पीएम मोदी कहते हैं, "हिंदुस्तान के एक गांव का लड़का जब दुनिया में नाम रोशन करता है, तो अच्छा लगता है। आपके परिवार ने आपका नाम दिलजीत रखा, तो आप लोगों को जीतते ही जाते हो।"
दिलजीत ने भारत भ्रमण का जिक्र करते हुए कहा, "हम किताबों में पढ़ते थे कि मेरा भारत महान। जब मैंने भारत घूमा, तब इसकी महानता को महसूस किया। भारत का सबसे बड़ा जादू योग है।" इस पर पीएम मोदी ने योग की ताकत का महत्व बताया।
दिलजीत ने पीएम मोदी के भावुक क्षणों की सराहना करते हुए कहा, "आपकी मां और गंगा मां के लिए भावनाएं दिल को छू जाती हैं। दिल से निकली बात, दिल तक जाती है।"
दिलजीत ने प्रधानमंत्री मोदी को पंजाबी गाना सुनाया, जिसमें पीएम मोदी ने मेज को तबले की तरह बजाकर उनका साथ दिया।
मुलाकात के बाद दिलजीत ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, "2025 की शानदार शुरुआत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के साथ एक बहुत ही यादगार मुलाकात। हमने संगीत सहित कई चीजों पर चर्चा की।"