



राजस्थान पुलिस महानिदेशक उत्कल रंजन साहू ने नववर्ष 2025 के अवसर पर पुलिसकर्मियों और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों से आह्वान किया कि वे जन सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम के लिए पूर्ण निष्ठा और तत्परता से अपना कर्तव्य निभाएं।
साहू ने कहा, "नया साल हमारे लिए समाज, प्रदेश और देश की सेवा के प्रति और अधिक सजगता और प्रतिबद्धता से काम करने का अवसर है। पुलिसकर्मी जनसुरक्षा को प्राथमिकता बनाते हुए अपनी जिम्मेदारियों को निभाएं।"
गुरुवार को होगा स्नेह मिलन समारोह
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस प्रशासन, कानून एवं व्यवस्था विशाल बंसल ने जानकारी दी कि 2 जनवरी को पुलिस मुख्यालय में स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे मुख्य पोर्च के सामने स्थित लॉन में होगा। इसमें मुख्यालय के समस्त पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल होंगे। जयपुर में कार्यरत सभी आईपीएस और आरपीएस अधिकारी भी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।
नववर्ष पर विशेष संदेश
महानिदेशक पुलिस ने अपने संदेश में राजस्थान पुलिस के जवानों और अधिकारियों से जनता की सेवा के प्रति समर्पण और निष्ठा बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नववर्ष नई शुरुआत का प्रतीक है, और पुलिस बल को अपनी सेवाओं के माध्यम से प्रदेशवासियों का विश्वास जीतने के लिए तत्पर रहना चाहिए।