



राजस्थान में चिकित्सा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए जयपुर के मणिपाल हॉस्पिटल में पहली बार रोबोट की मदद से हार्ट सर्जरी की गई। सीनियर कार्डियक सर्जन डॉ. ललित आदित्य मलिक की टीम ने तीन दिन में तीन मरीजों (एक महिला और दो पुरुष) की सफल सर्जरी की। यह सर्जरी पारंपरिक तकनीक से पूरी तरह अलग है और इसमें मरीजों को कम दर्द और तेज रिकवरी का लाभ मिलता है।
सर्जरी का तरीका: डॉ. मलिक ने बताया कि इस तकनीक में न तो छाती पर लंबा चीरा लगाया जाता है और न ही हड्डी काटी जाती है। पारंपरिक सर्जरी में छाती पर 9-10 इंच लंबा चीरा लगता था, जबकि रोबोटिक सर्जरी में सिर्फ एक छोटा छेद करके ऑपरेशन पूरा किया जाता है।
तीन मरीजों की सर्जरी:पहला केस: दो मरीजों के हार्ट की नसों में ब्लॉकेज था, जिसके लिए बायपास सर्जरी की गई।
दूसरा केस: एक मरीज के दिल में बड़ा छेद था, जिसे रोबोटिक सर्जरी से बंद किया गया। तीनों मरीज राजस्थान के निवासी हैं और सर्जरी के बाद पूरी तरह स्वस्थ हैं।
नई पहल: डॉ. मलिक ने बताया कि यह अत्याधुनिक तकनीक पहले दिल्ली, बेंगलूरु और मुंबई जैसे महानगरों में उपलब्ध थी। जयपुर में इसे शुरू कर राजस्थान के लोगों को अपने राज्य में ही उन्नत चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा।
मरीजों को लाभ:तेज रिकवरी,कम दर्द,छोटे घाव और अस्पताल में कम समय रुकना पड़ता है।