Saturday, 29 August 2026

बोरवेल बना मासूमों के लिए काल: कोटपूतली में 3 वर्षीय बालिका चेतना बोरवेल में गिरी, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी


बोरवेल बना मासूमों के लिए काल: कोटपूतली में 3 वर्षीय बालिका चेतना बोरवेल में गिरी, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

कोटपूतली के ग्राम किरतपुरा की ढ़ाणी बड़ीयाली में सोमवार दोपहर एक 3 वर्षीय बालिका चेतना बोरवेल में गिर गई। बालिका को बचाने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। जयपुर से एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। इस घटना ने एक बार फिर बोरवेल से जुड़े हादसों की गंभीरता को उजागर कर दिया है।

घटना का विवरण:ढ़ाणी बड़ीयाली निवासी भूपेंद्र चौधरी की बेटी चेतना अपनी बड़ी बहन के स्कूल से लौटने के बाद घर के बाहर खेल रही थी। खेलते हुए वह दो दिन पूर्व खोदे गए बोरवेल में गिर गई, जिसमें प्लास्टिक पाइप निकाले जाने के बाद कोई सुरक्षा उपाय नहीं किए गए थे। चेतना की बड़ी बहन ने अपने माता-पिता को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन:पुलिस प्रशासन को सूचना मिलते ही मौके पर सरुंड थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए। जेसीबी से खुदाई का काम शुरू किया गया और जयपुर से एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने बोरवेल में कैमरा और ऑक्सीजन डाली, जिससे पता चला कि बालिका करीब 140 फीट गहराई पर सर के बल फंसी हुई है। रुक-रुक कर उसकी रोने की आवाज सुनाई दे रही है।

घटनास्थल पर वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी:रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह, विधायक हंसराज पटेल, पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत, एएसपी वैभव शर्मा, एसडीएम बृजेश चौधरी, और तहसीलदार रामधन गुर्जर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए हैं।

भारी लापरवाही उजागर:बीते 4 महीनों में राजस्थान में आधा दर्जन बच्चे बोरवेल में गिरने के कारण अपनी जान गंवा चुके हैं। बावजूद इसके न तो प्रशासन सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कर रहा है और न ही आमजन सतर्क हो रहे हैं। किरतपुरा की इस घटना में भी भारी लापरवाही देखने को मिली है।

Previous
Next

Related Posts