



बालोतरा जिले के बायतु गांव के रहने वाले एसएसबी जवान हनुमानराम कड़वासरा का पार्थिव देह आज उनके पैतृक गांव पहुंचेगा। जवान का शनिवार देर रात ऋषिकेश स्थित एम्स अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया।
श्रीनगर, उत्तराखंड में ड्यूटी के दौरान हनुमान कड़वासरा की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। चक्कर आने के कारण वह सिर के बल गिर गए, जिससे उनकी हालत और गंभीर हो गई। उन्हें तुरंत ऋषिकेश एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
जवान के पार्थिव शरीर को आज उनके पैतृक गांव बायतु लाया जाएगा। वहां राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिवार और गांव के लोगों में इस घटना से शोक की लहर है।
हनुमान कड़वासरा के शहीद होने की खबर से पूरे गांव में गमगीन माहौल है। उनके साहस और देश सेवा को लेकर गांव के लोगों ने गर्व और शोक दोनों ही व्यक्त किए हैं। राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।