Saturday, 29 August 2026

मुंबई समुद्र हादसा: यात्रियों से भरी नाव नेवी की स्पीड बोट से टकराई, 13 की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी


मुंबई समुद्र हादसा: यात्रियों से भरी नाव नेवी की स्पीड बोट से टकराई, 13 की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से समुद्र के बीच बड़ा हादसा सामने आया है। बुचर द्वीप के पास एक पर्यटक नाव और नेवी की स्पीड बोट के बीच टक्कर हो गई, जिससे यात्रियों से भरी नाव पलट गई। इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें 10 नागरिक और 3 नौसेना के जवान शामिल हैं। नाव में सवार 110 लोगों में से 101 को सुरक्षित बचा लिया गया है। राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है।

सीएम फडणवीस ने दी जानकारी

घटना पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दुख व्यक्त किया और बताया कि हादसा दोपहर 3:55 बजे हुआ। सीएम ने कहा, "नौसेना की नाव 'नीलकमल' और एक पर्यटक जहाज के बीच टक्कर हुई। शाम 7:30 बजे तक 101 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें नौसेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 13 मृतकों के परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। घटना की जांच नौसेना और पुलिस द्वारा की जाएगी।"

रेस्क्यू ऑपरेशन में त्वरित कार्रवाई

हादसे के तुरंत बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। नौसेना, तटरक्षक बल, जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण (जेएनपीए), येलो गेट पुलिस और स्थानीय मछुआरों ने संयुक्त रूप से राहत अभियान चलाया। इस ऑपरेशन में 11 रेस्क्यू क्राफ्ट और 4 हेलीकॉप्टर लगाए गए हैं। लापता लोगों की अंतिम जानकारी कल सुबह तक मिलने की उम्मीद है।

शोक और जांच के आदेश

मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने इस घटना की गहराई से जांच करने के आदेश दिए हैं।

    Previous
    Next

    Related Posts