Saturday, 29 August 2026

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदर्शन में अजमेर के कांग्रेस जनों की सक्रिय भागीदारी


प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदर्शन में अजमेर के कांग्रेस जनों की सक्रिय भागीदारी

उद्योगपति गौतम अडानी और उनके सहयोगियों पर अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों और मणिपुर हिंसा के विरोध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जयपुर में शहीद स्मारक, गवर्नमेंट हॉस्टल पर प्रदर्शन आयोजित किया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने किया, जिसमें अजमेर उत्तर से भी कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रिय रूप से शामिल हुए।

अजमेर से कांग्रेस जनों में महासचिव पार्षद नौरत गुजर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व पार्षद शैलेंद्र अग्रवाल और वाहिद मोहम्मद, पूर्व पार्षद सर्वेश पारीक, ब्लॉक उपाध्यक्ष आरिफ खान और विकास चौहान, मंडल कांग्रेस अध्यक्ष गणेश चौहान, पंकज छोटवानी, हेमंत जसोरिया, तौफीक खान, और विश्वेश पारीक सहित कई अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना: सभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने संबोधित किया। इन नेताओं ने भाजपा, मोदी सरकार, और भजनलाल सरकार पर निशाना साधते हुए मणिपुर हिंसा और अडानी विवाद पर सरकार के मौन की आलोचना की।

पैदल मार्च और पुलिस कार्रवाई: सभा के बाद कांग्रेस द्वारा शहीद स्मारक से राजभवन तक पैदल मार्च की योजना बनाई गई थी। हालांकि, पुलिस ने शहीद स्मारक से बाहर जाने के सभी रास्तों पर बेरिकेटिंग और सुरक्षा बल तैनात कर मार्च को रोक दिया। इसके विरोध में कांग्रेस जनों ने जोरदार नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछारें की।

गहलोत और धर्मेंद्र राठौड़ से मुलाकात:प्रदर्शन के बाद अजमेर से पहुंचे कांग्रेसजन पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और आरटीडीसी के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ से उनके निवास स्थान पर मिले। वहां उन्होंने उन्हें साफा, शॉल, और माला पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी।

Previous
Next

Related Posts