



जयपुर एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने सोना तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल करते हुए 3 किलो 500 ग्राम सोना बरामद किया है। शारजाह से जयपुर पहुंचे एक यात्री ने सोने का पेस्ट बनाकर उसे अपने अंडरगारमेंट्स में छिपाया था, लेकिन कस्टम अधिकारियों की सतर्कता से वह पकड़ा गया।
तस्कर शेखावाटी क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। वह सुबह 5 बजे की फ्लाइट से जयपुर उतरा था और एयरपोर्ट के बाहर सोने की सप्लाई करने की फिराक में था। कस्टम विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए यात्री को जांच के दौरान रोक लिया।
कस्टम अधिकारियों ने बताया कि उन्हें शारजाह से आने वाली फ्लाइट में सोना तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। यात्री से शुरुआती पूछताछ में उसने सोना ले जाने से इनकार किया, लेकिन जब उसके कपड़ों की गहन जांच की गई तो अंडरगारमेंट्स में सोने का पेस्ट बरामद हुआ। सोना उसने अपने प्राइवेट पार्ट के पास छिपा रखा था।
बरामद सोने का वजन 3.5 किलो है और बाजार में इसकी कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
कस्टम विभाग ने तस्कर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कस्टम अधिकारियों का कहना है कि यह मामला अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। तस्कर से पूछताछ जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा हो सकता है।
कस्टम विभाग ने हाल के महीनों में सोना तस्करी के बढ़ते मामलों पर कड़ी नजर रखते हुए सख्त अभियान शुरू किया है। अधिकारियों का कहना है कि जयपुर एयरपोर्ट तस्करों के लिए प्रमुख गंतव्य बनता जा रहा है, लेकिन उनकी सख्ती के कारण कई बड़े प्रयास विफल हुए हैं।