



कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नर्मदा नहर के पानी को लेकर दिए गए बयान पर सवाल उठाते हुए उन्हें झूठा करार दिया है। डोटासरा ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दावा सरासर झूठ है कि नर्मदा का पानी हनुमानगढ़, झुंझुनूं और सीकर में पहुंच रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री झूठ बोलकर जनता को गुमराह कर रहे हैं।
जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर मंगलवार को मीडिया से बातचीत करते हुए डोटासरा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने एक भी ऐसी घोषणा नहीं की जो राजस्थान के लिए नई हो। उन्होंने कहा कि "बीजेपी की आदत गुमराह करने की है। वे हर सभा में झूठे दावे करते हैं।"
डोटासरा ने कहा कि "कांग्रेस के शासनकाल में देश ने जितनी प्रगति की, उतनी भाजपा सरकार में नहीं हुई।" उन्होंने इंदिरा गांधी नहर का जिक्र करते हुए कहा कि जब कांग्रेस यह परियोजना लेकर आई थी, तब मोदी "क, ख, ग" सीख रहे होंगे।
डोटासरा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री को यह तक नहीं पता कि राज्य में कौन-सा टेंडर किस विभाग में किसे दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, "अब तो दिल्ली से ठेके देने की पर्ची सीधे अफसरों को पकड़ाई जा रही है और मुख्यमंत्री को इसकी कोई जानकारी नहीं होती।"
पेपर लीक के मुद्दे पर डोटासरा ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भर्तियां हो ही नहीं रही हैं, तो पेपर लीक कहां से होंगे? उन्होंने कहा कि "पेपर लीक की बात करने वाले पहले यह बताएं कि भर्तियां निकली ही कहां हैं?"
डोटासरा ने संविदा पर निकाली गई भर्तियों की आलोचना करते हुए कहा कि "भाजपा सरकार संविदा पर चतुर्थ श्रेणी भर्तियां निकालकर युवाओं को धोखा दे रही है। छह हजार वैकेंसी भी सरकार ठीक से नहीं भर पाई है।"