Saturday, 29 August 2026

IND vs AUS 3rd Test: चौथे दिन का खेल समाप्त, बुमराह-आकाश की जुझारू पारी से भारत ने फॉलोऑन टाला


IND vs AUS 3rd Test: चौथे दिन का खेल समाप्त, बुमराह-आकाश की जुझारू पारी से भारत ने फॉलोऑन टाला

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे तीसरे टेस्ट के चौथे दिन का खेल समाप्त हो गया है। भारत ने अपनी पहली पारी में 9 विकेट के नुकसान पर 252 रन बना लिए हैं। जसप्रीत बुमराह और आकाश दीप की बहादुरी भरी बल्लेबाजी की बदौलत टीम इंडिया ने फॉलोऑन से बचा लिया। आकाश दीप 27 और बुमराह 10 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच आखिरी विकेट के लिए अब तक 54 गेंदों में 39 रन की साझेदारी हो चुकी है।

ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 445 रन बनाए थे, जिसके जवाब में फॉलोऑन बचाने के लिए भारत को 246 रन की जरूरत थी। जैसे ही आकाश दीप ने चौका लगाकर टीम को इस संकट से उबारा, ड्रेसिंग रूम में मौजूद रोहित शर्मा, विराट कोहली और गौतम गंभीर खुशी से झूम उठे और स्टैंडिंग ओवेशन दिया। फैंस ने भी दोनों खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया।

राहुल-जडेजा की शानदार पारियां

भारत ने चौथे दिन 51/4 से अपनी पारी शुरू की। कप्तान रोहित शर्मा (10) जल्दी आउट हो गए। इसके बाद केएल राहुल और रवींद्र जडेजा ने पारी संभाली। राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 139 गेंदों में 84 रन (8 चौके) बनाए, हालांकि वह शतक से चूक गए। जडेजा ने भी बेहतरीन खेल दिखाते हुए 123 गेंदों में 77 रन (7 चौके, 1 छक्का) की पारी खेली और अपना 22वां टेस्ट अर्धशतक जमाया।

नीतीश रेड्डी (16) और जडेजा के बीच सातवें विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी हुई। इसके बाद मोहम्मद सिराज (1) के आउट होने के बावजूद, बुमराह और आकाश दीप ने मोर्चा संभाला और ऑस्ट्रेलिया को फॉलोऑन का मौका नहीं दिया।

ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों का प्रदर्शन

ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान पैट कमिंस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। वहीं, मिचेल स्टार्क ने 3, और जोश हेजलवुड व नाथन लियोन ने 1-1 विकेट लिया।

मैच का समीकरण

भारत अभी भी ऑस्ट्रेलिया से 193 रन पीछे है और खेल के अंतिम दिन टेस्ट ड्रॉ की ओर बढ़ रहा है। बुमराह और आकाश दीप की जोड़ी पारी को आगे बढ़ाने के साथ ऑस्ट्रेलिया की बढ़त को और कम करने की कोशिश करेगी।

    Previous
    Next

    Related Posts