



तेलंगाना में भाजपा के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर की माता जी की श्रद्धांजलि सभा बुधवार को पुष्कर स्थित वैष्णव धर्मशाला में आयोजित की जाएगी। श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समेत कई भाजपा के मंत्री और दिग्गज नेता शामिल होंगे। इसको लेकर पुष्कर में प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर है।
श्रद्धांजलि सभा से पहले चंद्रशेखर अपनी दिवंगत माता जी के पिंडदान का कार्यक्रम ब्रह्म घाट पर करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ब्रह्म घाट पर पूजा-अर्चना करेंगे और जगत पिता ब्रह्मा मंदिर के दर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री इसके बाद वैष्णव धर्मशाला में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर चंद्रशेखर की माता जी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
मंगलवार शाम को भाजपा नेता चंद्रशेखर पुष्कर पहुंचकर श्रद्धांजलि सभा की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अजमेर जिला कलेक्टर लोकबंधु, जिला पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा, पुष्कर एसडीएम गौरव मित्तल और पुष्कर थाना अधिकारी घनश्याम सिंह राठौड़ समेत अन्य अधिकारियों ने ब्रह्म घाट और वैष्णव धर्मशाला का दौरा किया।
मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर प्रशासन ने पुष्कर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। श्रद्धांजलि सभा के दौरान ट्रैफिक डायवर्शन और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सके।