



कांस्टेबल भर्ती-2023 से जुड़ी 118 याचिकाओं को राजस्थान हाई कोर्ट, जयपुर ने खारिज कर दिया है। इस फैसले के बाद भर्ती परीक्षा के सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश जारी करने का रास्ता साफ हो गया है। पुलिस मुख्यालय ने आगामी रोजगार उत्सव में सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड अध्यक्ष बिपिन कुमार पांडेय ने जानकारी दी कि एसबी सिविल रिट याचिका संख्या 39/2023 में हाई कोर्ट ने 1 फरवरी 2024 को भर्ती के 3578 पदों पर नियुक्ति आदेश रोकने के निर्देश दिए थे। अब न्यायालय ने इन याचिकाओं को खारिज कर दिया है। इससे सभी चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
आगामी 3 दिनों में प्रक्रिया होगी पूरी: अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड अध्यक्ष पांडेय ने बताया कि पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) सहित जयपुर, जोधपुर और अन्य जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे चयनित अभ्यर्थियों की स्वास्थ्य जांच, चरित्र सत्यापन और दस्तावेज़ सत्यापन जैसी सभी औपचारिकताएं 3 दिनों के भीतर पूरी करवाएं।
नियुक्ति आदेश की तैयारी शुरू:पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को नियुक्ति आदेश का प्रारूप तैयार रखने के निर्देश दिए हैं ताकि रोजगार उत्सव की तिथि निर्धारित होते ही शीघ्र आदेश जारी किए जा सकें। नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े प्रशासनिक कार्यों की निगरानी के लिए विशेष टीमें तैनात की जा रही हैं।