



प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को जयपुर के सांगानेर स्थित दादिया गांव में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने आ रहे हैं। पीएम मोदी के आगमन को लेकर एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जयपुर पुलिस द्वारा ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं।
विशेष ट्रैफिक व्यवस्था: प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सिविल लाइन, भवानी सिंह रोड, जेएलएन मार्ग, जवाहर सर्किल, और टोंक रोड पर विशेष ट्रैफिक नियंत्रण रहेगा। वीवीआईपी मूवमेंट के समय इन मार्गों पर ट्रैफिक को अस्थाई रूप से रोका जाएगा।
पीएम मोदी जयपुर एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर के जरिए सीधे दादिया कार्यक्रम स्थल जाएंगे, लेकिन सड़क मार्ग की वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई है ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सुरक्षा के लिए 4 हजार पुलिसकर्मी तैनात: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा को देखते हुए 4 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा 12 आईपीएस, 55 एडिशनल एसपी, 86 डिप्टी एसपी, 415 एसआई/एएसआई और 11 आरएसी कंपनियां सुरक्षा में जुटेंगी।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. रामेश्वर सिंह ने बताया कि सुरक्षा को लेकर दो बार रिहर्सल की जा चुकी है और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को ब्रीफिंग दी गई है।
बाहरी जिलों से आने वाले वाहनों के लिए विशेष मार्ग:कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए विभिन्न जिलों और मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था की गई है:
भरतपुर और आगरा रोड: बगराना से रिंग रोड के जरिए।
दिल्ली रोड: चंदवाजी से 200 फीट एक्सप्रेस हाईवे होते हुए
टोंक रोड:रिंग रोड के जरिए
सीकर और बीकानेर रोड: 14 नंबर एक्सप्रेस पुलिया से 200 फीट हाईवे होते हुए।
अजमेर रोड: नृसिंहपुरा पुलिया से कलवाड़ा टी-पॉइंट के जरिए।
जयपुर शहर के वाहन: सांगानेर से वाटिका रोड के जरिए कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सकेंगे।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट: प्रधानमंत्री की यात्रा के मद्देनजर होटल, धर्मशालाओं, और सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग की जा रही है। हाईवे और मुख्य मार्गों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।