राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एक बैठक आयोजित की, जिसमें विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी शामिल हुए। इस बैठक में राज्य सरकार की विफलताओं को जनता के बीच ले जाने और संगठनात्मक कार्यों को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की गई।
राज्य सरकार की विफलताओं पर कांग्रेस का अभियान: डोटासरा ने कहा कि राजस्थान की भाजपा सरकार सभी मोर्चों पर विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा, चिकित्सा, कानून-व्यवस्था और रोजगार के क्षेत्रों में स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
कांग्रेस पार्टी 18 दिसंबर कोराजभवन तक मार्च और विरोध प्रदर्शन: कांग्रेस पार्टी 18 दिसंबर को शहीद स्मारक से राजभवन तक पैदल मार्च कर अडानी विवाद और मणिपुर हिंसा जैसे राष्ट्रीय मुद्दों पर केंद्र सरकार का विरोध करेगी। कांग्रेस पार्टी 19 दिसंबर से एक महीने तक राज्यभर में "विफल भाजपा सरकार उजागर अभियान" चलाएगी।
20-21 दिसंबर: संभागीय मुख्यालयों पर वरिष्ठ नेताओं की प्रेसवार्ता।
22-23 दिसंबर: जिला स्तर पर प्रेसवार्ता।
24-25 दिसंबर: ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित।
27 दिसंबर: कांग्रेस स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर कार्यक्रम।
28 दिसंबर: प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में स्थापना दिवस समारोह।
जिला और ब्लॉक स्तर पर संगठनात्मक मजबूती: बैठक में डोटासरा ने निर्देश दिए कि सभी प्रभारी अधिकारी अपने प्रभार वाले क्षेत्रों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करें और संगठन के फीडबैक के साथ कांग्रेस के आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि पार्टी को जिला और ब्लॉक स्तर पर सक्रिय करने के लिए सभी पदाधिकारी निष्ठा और एकजुटता से कार्य करें।
नेता प्रतिपक्षटीकाराम जूली ने कहा कि सभी स्थानीय मुद्दों और जनसमस्याओं को प्रमुखता के साथ उठाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल घोषणाएं करती है और विपक्ष के सवालों का जवाब नहीं देती।
17 दिसंबर को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर कार्य विभाजन और प्रभार क्षेत्रों के आवंटन को लेकर बैठक आयोजित की जाएगी।