



स्वतंत्र और निष्पक्ष मीडिया लोकतंत्र को जीवंत और स्वस्थ बनाए रखने के लिए अनिवार्य है। यह विचार द वीक के रेजिडेंट एडिटर आर प्रसन्नन ने जयपुर में शनिवार को मानसरोवर मीडिया क्लब के उद्घाटन समारोह में व्यक्त किए। कार्यक्रम में खोजपूर्ण पत्रकारिता के लिए तीन पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया।
मुख्य अतिथि द वीक के रेजिडेंट एडिटर आर प्रसन्नन ने कहा कि स्वतंत्र मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। आज की पत्रकारिता कई चुनौतियों का सामना कर रही है, विशेषकर सोशल मीडिया के दौर में। आपातकाल की पत्रकारिता को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय कई मीडिया संस्थानों ने सत्ता के आगे झुकने का काम किया। वर्तमान समय में जिम्मेदार पत्रकारिता की अधिक जरूरत है।

अमर उजाला के ग्रुप एडिटर यशवंत व्यास ने कहा कि यह धारणा सत्य नहीं है कि मीडिया में रोजगार घट रहे हैं। कुशल और योग्य मीडिया कर्मियों की आज भी संस्थानों को आवश्यकता है।"
नगर निगम ग्रेटर के डिप्टी मेयर पुनीत कर्णावट ने कहा कि मीडिया सरकारी विभागों के कार्यों में पारदर्शिता लाने में मदद करता है। संविधान का चौथा स्तंभ होने के नाते मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।