



जोधपुर मथानिया रोड पर मण्डलनाथ चौराहे के पास शुक्रवार देर शाम एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रेलर ने मोपेड सवार मां, बेटे और बेटी को कुचल दिया। इस हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
सहायक पुलिस आयुक्त (मण्डोर) नगेन्द्र कुमार ने बताया कि दईजर की नई बस्ती रविदास कॉलोनी निवासी सुशीला (38) अपने पुत्र गुच्छू (17) और पुत्री दीपू (18) के साथ मण्डलनाथ बाजार घरेलू सामान खरीदने गई थीं।
सामान खरीदने के बाद उन्होंने पेट्रोल पंप से मोपेड में पेट्रोल भरवाया।घर लौटने के दौरान मथानिया की ओर से आ रहे तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे कंटेनर ट्रेलर ने उनकी मोपेड को टक्कर मार दी।तीनों नीचे गिर गए और ट्रेलर की चपेट में आकर मौके पर ही दम तोड़ दिया।
यह हादसा तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरों को उजागर करता है। मथानिया रोड जैसे प्रमुख मार्गों पर ऐसी घटनाएं आम हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा उपायों और तेज गति से चलने वाले वाहनों पर लगाम लगाने की मांग की है।