Saturday, 29 August 2026

उपराष्ट्रपति धनखड़ बोले डिग्री पर डिग्री लेने से कुछ नहीं होगा: कहा-देश और संस्थाओं को अपमानित करने का हो रहा है काम


उपराष्ट्रपति धनखड़ बोले डिग्री पर डिग्री लेने से कुछ नहीं होगा: कहा-देश और संस्थाओं को अपमानित करने का हो रहा है काम

जयपुर के सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र में लघु उद्योग भारती द्वारा निर्मित सोहन सिंह स्मृति कौशल विकास केंद्र का लोकार्पण बुधवार को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने किया। इस दौरान उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। अपने संबोधन में उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था ने पिछले एक दशक में जबरदस्त प्रगति की है। आज भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना पूरा होगा।

उपराष्ट्रपति ने कौशल विकास और शिक्षा की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि केवल डिग्री लेने से कुछ नहीं होगा, बल्कि समाज में योगदान देने के लिए व्यावसायिक कौशल का होना आवश्यक है। उन्होंने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें कौशल विकास को अहम स्थान दिया गया है। उन्होंने "लोकल फॉर वोकल" का आह्वान करते हुए बताया कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से न केवल रोजगार सृजन होगा बल्कि विदेशी मुद्रा भंडार भी सुरक्षित रहेगा।

पर्यावरण संरक्षण पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि यह हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है, क्योंकि हमारे पास रहने के लिए कोई दूसरी पृथ्वी नहीं है। उपराष्ट्रपति ने यह भी कहा कि कुछ ताकतें भारत की प्रगति को पचा नहीं पा रही हैं और देश की संस्थाओं को अपमानित करने का प्रयास कर रही हैं।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाहक डॉ. कृष्ण गोपाल ने कहा कि भारत के लिए कृषि आधारित विकास मॉडल सबसे उपयुक्त है। उन्होंने युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस कार्यक्रम ने कौशल विकास, पर्यावरण संरक्षण, और आर्थिक प्रगति पर जागरूकता फैलाने के साथ-साथ युवाओं को प्रेरित करने का कार्य किया।

लघु उद्योग भारती  के राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा ने संगठन की तीस वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह कौशल केंद्र एनएसडीसी के सहयोग से युवाओं की आकांक्षाओं और उद्योग की मांगों के बीच दूरी को मिटाने के लिए तैयार है, जिससे राजस्थान के युवाओं को नवाचार, रोजगार और उद्यमिता के नेतृत्व में आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर किया जा सके।   इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव नरेश पारीक, प्रदेश अध्यक्ष शांतिलाल बालड़, महासचिव योगेंद्र शर्मा, जोधपुर अंचल अध्यक्ष महावीर चोपड़ा, चित्तोड़ अंचल अध्यक्ष पवन गोयल, प्रदेश कोषाध्यक्ष अरुण जाजोदिया, भवन निर्माण से जुड़े वरिष्ठ उद्यमी नटवरलाल अजमेरा और केंद्र के व्यवस्थापक महेंद्र खुराना और नवरतन नारानिया ने अतिथियों का स्वागत किया।  कार्यक्रम में उद्योग एवं कौशल विकास मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र, राष्ट्रीय महासचिव ओपी गुप्ता, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ताराचंद गोयल, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती अंजू सिंह, जोधपुर प्रांत संयुक्त महासचिव सुरेश विश्नोई सहित बड़ी संख्या में प्रदेश के जन प्रतिनिधि और उद्यमी गण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सञ्चालन सीए योगेश गौतम और सुनीता शर्मा ने किया। इससे पहले अतिथियों ने भवन की नाम पट्टिका का अनावरण किया और पौधारोपण भी किया। 

    Previous
    Next

    Related Posts