



जयपुर के मुरलीपुरा थाना पुलिस ने एक लड़के और लड़की को महंगी विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी सड़क किनारे खड़े थे और किसी का इंतजार कर रहे थे। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश में पकड़े गए। आरोपियों के पास से दो सूटकेस जब्त किए गए, जिनमें कुल 28 बोतल महंगी अंग्रेजी शराब पाई गई।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान: नरपत सिंह निवासी डीसीएम कोटा, वर्तमान में दादी का फाटक झोटवाड़ा। कोमल वर्मा: निवासी अयोध्या, उत्तर प्रदेश, वर्तमान में निर्मल विहार करधनी।
पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 3:15 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि दादी का फाटक के पास एक लड़का-लड़की सूटकेस के साथ खड़े हैं। उनके सूटकेस में महंगी विदेशी शराब होने की सूचना थी।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर दोनों के सूटकेस से महंगी शराब की बोतलें बरामद हुईं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया है। जब्त शराब और सूटकेस को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
मुरलीपुरा थाना प्रभारी ने बताया कि यह शराब बिना किसी वैध दस्तावेज के लाई गई थी। मामले की जांच जारी है, और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह शराब कहां से लाई गई और किसे डिलीवर की जानी थी।